Monday, 13 July 2015

कैसे तेरा हिज्र लिखूं /लक्ष्य “अंदाज़”




                   कैसे तेरा हिज्र लिखूं
                ----------------------------------
                               (लक्ष्य अंदाज़”)

शहरे वफ़ा की फिजाओं का रंगीन सलाम लिखूं  II
आजा कि इन हवाओं पर तेरा रेशमी नाम लिखूं II

तेरी मुहब्बतों में डूबकर शहरों शहर भटका मगर ,
इक रात नशे की ऐसी दे मैं आँखों के जाम लिखूं II

यहाँ बदलियों के आइने तेरी मुसलसल तस्वीरें हैं ,
मैं आसमां में उड गया इन्हें चूम लूँ पयाम लिखूं  II

जंगलों की बारिशों में भीग कर मैं ये ही सोचता ,
तेरे लबों की नमी को सहर लिखूं या शाम लिखूं II

तुझे ज़र्फ़ पे यकीन है मुझे हादिसों का खौफ है ,
तेरे मिलने की इबादतें किस खुदा के नाम लिखूं  II

तेरे शहर के इक अदीब ने कई बार मुझे ये कहा ,
तुझे भूलकर जिंदा रहूँ तुझे याद कर कलाम लिखूं II

ये कहानियों सी बात है तू आज तक मेरे साथ है ,
मैं कैसे तेरा हिज्र लिखूं मैं कैसे वफ़ा नाकाम लिखूं   II

©2015 “ANDAZ-E-BYAAN”  Dr.LK SHARMA




मुग्धा , तुम्हारे चीड-बन से /लक्ष्य “अंदाज़”




मुग्धा तुम्हारे चीड-बन से 
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
(लक्ष्य “अंदाज़”)


तुम्हें तो याद ही होगा 

(
1) इस साल ...
अमलतास के शहर की हवाओं को
अपने दामन में बाँध कर
जब रोप आई थी तुम खुद को
उसी चीड-बनमें
तेज़ी से रिसती जा रही
उम्र की हरी झील के किनारे
तुम्हारी धुआं-धुआं आँखों में
छाने लगे थे जब
गुजरते बरसों के बेरहम कोहरे
याद तो होगा ना तुम्हें ,

(
2) बीते साल ...
जब उसी झील के किनारे
एक दूसरे का हाथ
कस कर थामे
हम देखते रहे पहरों
पानी में लरजती परछाईयों को
बाँट रहे थे सजाओं की तरह
आने वाले कल की तन्हाइयों को
याद तो होगा ना तुम्हें ,

(
3) पार साल ....
मध्य युगीन नायिका को
बिछड़े सामंत की तलाश
जंगल के उस छोर तक ले आई
और प्रेम की स्प्रिचुअलिटी
देह की बायो-ज्योग्राफीसे जा टकराई
एक घने बन-महुवाके पीछे
बरसते पानी के बीच
धधकती साँसों के बीच
प्यार किया था मैंने तुम्हें ,

(
4) और पार परसाल...
तुम खुद पहाड़ की बारिश सी
बरसी थीं , कई बार
रेतीले कैक्टस पर मूसलाधार
मैंने भरता रहा
अपनी जलग्रन्थियों में
बूंद दर बूंद , तुम्हारे
प्यार की हर फुहार
मेरे कंटीले अंतस से
फूट पड़े चटख रंगों के फूल
उस सावन , कई बार ,


(
5) मगर इस साल मित्ती

तुम मिट्टी के उस पहाड़ में
चीड के घने झुरमुट की आड़ में
रोप आई हो खुद को
तो मैं बस तुम्हें ये बताने आया हूँ
चीड-बनकी इस पहाड़ी में
कभी पानी नहीं होगा
यहाँ सदा औरों के हिस्से का
आवारा बादल ही बरसता है
और अपनी सघन हरी डालियों पर
इठलाता चीड
उम्र भर एक फूल के लिए तरसता है !!

(लक्ष्य “अंदाज़”)

……©2014DR. L.K .SHARMA